सरसेड पंचायत उप सरपंच प्रतिनिधि ने सरपंच-सचिव पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, जांच की मांग
छतरपुर। मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में ग्राम पंचायत सरसेड़, जनपद पंचायत नौगांव के उप सरपंच प्रतिनिधि ने सरपंच और पंचायत सचिव के खिलाफ शिकायत करते हुए शासन की राशि के कथित दुरुपयोग और विकास कार्यों में अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए। शिकायत में पंचायत के विभिन्न कार्यों की जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पंचायत में करीब 150 स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं, जिनकी वास्तविक कीमत लगभग 1500 रुपये होने के बावजूद प्रति लाइट करीब 6 हजार रुपये के बिल-वाउचर बनाकर लगभग 3.49 लाख रुपये की राशि निकाली गई। इसके अलावा ग्राम मडोरी में आंगनवाड़ी निर्माण कार्य करीब छह माह से बंद होने के बावजूद राशि निकाले जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में पंचायत भवन की साफ-सफाई, डगवेल निर्माण और ग्राम चपरन में नाली निर्माण के नाम पर राशि के उपयोग में भी अनियमितता के आरोप लगाए गए। चपरन की श्मशान भूमि पर चार वर्ष पूर्व शुरू हुआ कार्य अधूरा रहने के बावजूद भुगतान किए जाने की बात कही गई है।
वहीं, मडोरी-हरपालपुर मार्ग पर अतिक्रमण कराने और पंचायत सचिव के खिलाफ आपराधिक प्रकरण लंबित होने का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग भी की गई है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों से शासकीय राशि की वसूली और कार्रवाई की मांग की है।
