Friday, October 16, 2026
Homeब्रेकिंगमुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत हरपालपुर में जनविश्वास शिविर आयोजित

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत हरपालपुर में जनविश्वास शिविर आयोजित

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत हरपालपुर में जनविश्वास शिविर आयोजित

विधायक कामाख्या प्रताप सिंह, कलेक्टर मृणाल मीना और एसपी रजत सकलेचा ने सुनीं आमजन की समस्याएं

राजस्व के 108 प्रकरणों का निराकरण, आंशिक मकान क्षति के 42 प्रकरणों में 1.47 लाख रुपये की राहत राशि स्वीकृत

नौगांव अनुभाग में 192 जाति प्रमाण पत्र जारी, प्री-शिविर और मुख्य शिविर में कुल 511 आवेदनों का निराकरण
—
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को हरपालपुर के शासकीय हाई स्कूल में जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय विधायक कामाख्या प्रताप सिंह, कलेक्टर मृणाल मीना और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नमः शिवाय अरजरिया, एसडीएम नौगांव जीएस पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में राजस्व, पंचायत, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों पर सुनवाई की गई।

राजस्व के 108 प्रकरणों का निराकरण, हितग्राहियों को सौंपे आदेश

शिविर में पूर्व में आयोजित प्री-शिविर में प्राप्त राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया। इनमें नामांतरण के 56, बंटवारे के 3, सीमांकन के 4 और बीपीएल से संबंधित 3 प्रकरण शामिल हैं। इसके अलावा आंशिक मकान क्षति के 42 प्रकरणों का भी निराकरण किया गया। इस प्रकार कुल 108 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए संबंधित हितग्राहियों को आदेश प्रदान किए गए।
आंशिक मकान क्षति के 42 प्रकरणों में पात्र हितग्राहियों के लिए कुल 1 लाख 47 हजार 500 रुपये की राहत राशि स्वीकृत की गई। इससे प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की गई।

*नौगांव अनुभाग में 192 जाति प्रमाण पत्र जारी*

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत नौगांव अनुभाग में जाति प्रमाण पत्र संबंधी आवेदनों का निराकरण करते हुए 192 जाति प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन को शासकीय योजनाओं, पात्रता और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी, ताकि पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

प्री-शिविर और मुख्य शिविर में 511 आवेदनों का निराकरण

विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, प्री-शिविर और मुख्य शिविर में प्राप्त आवेदनों में से कुल 511 आवेदनों का निराकरण किया गया। शिविर में जनपद पंचायत नौगांव, तहसील नौगांव, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, नगर पालिका परिषद हरपालपुर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, पशुपालन विभाग और पुलिस विभाग से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने, शासकीय सेवाओं को सुलभ बनाने लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments