मंजिल थी माता वैष्णो देवी का दरबार, रास्ता था 1500 किमी का पैदल सफर… संकल्प पूरा कर घर लौटे संतोष मिश्रा।
हरपालपुर, छतरपुर। आस्था, संकल्प और भक्ति की अद्भुत मिसाल पेश करते हुए ग्राम भदर्रा निवासी पं. संतोष मिश्रा ने हरपालपुर से माता वैष्णो देवी धाम तक की करीब 1500 किमी की पैदल यात्रा का संकल्प पूर्ण किया। पं. संतोष मिश्रा ने अपने साथी के साथ 10 जुलाई को हरपालपुर स्थित छोटी कुटी आश्रम से मां संतोषी का आशीर्वाद लेकर जम्मू-कश्मीर के त्रिकुट पर्वत पर स्थित पवित्र माता वैष्णो देवी धाम के लिए पैदल यात्रा शुरू की थी। करीब एक महीने की कठिन यात्रा पूरी कर 10 अगस्त को माता के भवन पहुंचकर दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया 30 दिन में 1500 किमी का पैदल यात्रा कर माता वैष्णों देवी के दरबार पहुंचकर एक मिशाल पेश की ।आज 13 अगस्त को उनके हरपालपुर लौटने पर रेलवे स्टेशन पर परिवारजनों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद छोटी कुटी नारायण आश्रम में मां संतोषी का आशीर्वाद लेने के बाद परिवारजनों, पुत्र रिंकू मिश्रा और नगरवासियों ने बैंड-बाजों के साथ उनका स्वागत करते हुए राजपूत कॉलोनी स्थित उनके निवास तक पहुंचाया।
घर पहुंचने पर तिलक लगाकर आरती एवं पूजन-अर्चन किया गया, जिसके बाद उन्होंने गृह प्रवेश किया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक, परिवारजन एवं पत्रकारगण मौजूद रहे।
पं. संतोष मिश्रा की यह यात्रा आस्था, दृढ़ संकल्प और माता रानी के प्रति अटूट भक्ति की प्रेरणादायी मिसाल बन गई।
