

छतरपुर। जिले में जमीनी विवाद को लेकर दबंगों की दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना भगवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेठी में गांव के कुछ लोगों ने बुजुर्ग पुरुष और एक महिला पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। घायल दोनों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल दोनों का इलाज जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में जारी है।
पीड़ित महिला रची बाई और चिनुया अहिरवार ने बताया कि वह रास्ते से गुजर रही थीं, तभी गांव के योगी राजा, बाबू राजा, राणा साहब, राजू, देवेंद्र, भोले राजा, गिन्नी राजा सहित अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे उनके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ितों का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने उनके घर के बाहर फायरिंग कर पूरे परिवार में दहशत फैला दी और बाद में घर में आग भी लगा दी।
परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना 112 पर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित परिवार का कहना है कि विवाद जमीन से जुड़ा हुआ है और दबंग उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। फिलहाल पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है। पीड़ितों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
