जिला अस्पताल में ब्लड डोनेट वाहन का अजीब उपयोग
खुले में पेशाब रोक लगाने के लिए बस दीवार से सटाकर की खड़ी




शासकीय संपत्ति के दुरुपयोग पर उठे सवाल
लापरवाही या व्यवस्था की मजबूरी?
छतरपुर। जिला अस्पताल परिसर में सोमवार को एक हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला। अस्पताल में संचालित ब्लड डोनेशन वाहन को ऐसी जगह आड़े तरीके से पार्क किया गया, जहां उसका पिछला हिस्सा सीधे दीवार से सटा हुआ नजर आया। तस्वीर सामने आने के बाद शासकीय वाहन के दुरुपयोग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि वाहन को इस तरह खड़ा करने से दीवार और बस दोनों को नुकसान पहुंच सकता है। हल्की सी चूक होने पर हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। जब इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ब्लड डोनेट कार्यालय के पीछे लोग खुले में पेशाब करते हैं, जिसे रोकने के उद्देश्य से बस को प्रवेश मार्ग पर खड़ा किया गया है।
हालांकि सवाल यह उठता है कि अस्थायी समाधान के तौर पर बैरिकेड या गेट की व्यवस्था क्यों नहीं की गई। शासकीय वाहन को इस तरह इस्तेमाल करना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। जिम्मेदार अधिकारी संतोषजनक जवाब देने से बचते नजर आए, जिससे पूरे मामले ने और तूल पकड़ लिया।
