सड़क पर लेकर किया प्रदर्शन
छतरपुर। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे ओबीसी महासभा द्वारा यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) बिल के समर्थन में शहर में प्रदर्शन किया गया। मेला ग्राउंड से शुरू हुआ यह प्रदर्शन पैदल मार्च के रूप में डाकखाना चौराहा होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों से संबंधित राष्ट्रपति के नाम कलेक्ट्रेट में डिप्टी कलेक्टर विशा माधवानी को ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान ओबीसी महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत यूजीसी बिल उच्च शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि यह बिल विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए समान शैक्षणिक मानक स्थापित करने, अनुदान व मान्यता प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने में सहायक होगा।
महासभा ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि शिक्षा समवर्ती सूची का विषय है, इसलिए यूजीसी बिल के क्रियान्वयन में केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय एवं सहयोग आवश्यक है। साथ ही राज्यों की शैक्षणिक आवश्यकताओं और सामाजिक संरचना का सम्मान किया जाना चाहिए। ओबीसी महासभा ने यह भी कहा कि सामाजिक न्याय, आरक्षण और समान अवसर की स्पष्ट गारंटी के साथ यह बिल भारतीय उच्च शिक्षा प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाएगा।
प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। महासभा ने माननीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, यूजीसी अध्यक्ष, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित कर यूजीसी बिल को लागू करते समय वंचित वर्गों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण रहा और प्रशासन ने ज्ञापन स्वीकार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

