उत्तर भारत में बारिश-बर्फबारी की एंट्री, तीन पश्चिमी विक्षोभ करेंगे मौसम का मिजाज खराब
https://newstodayreporterdiary.com/2026/01/31/182239/
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच आज से बारिश की एंट्री होने जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 31 जनवरी से 3 फरवरी के बीच मध्यम से तेज बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में इस दौरान हल्की से मध्यम, छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इसका असर तापमान पर भी पड़ेगा और ठंड का अहसास और बढ़ सकता है।
तीसरा पश्चिमी विक्षोभ फिर बढ़ाएगा असर
मौसम विभाग ने बताया कि तीसरा पश्चिमी विक्षोभ 5 से 7 फरवरी के बीच सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते उत्तर-पश्चिमी भारत में एक बार फिर बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
8 राज्यों में अलर्ट
IMD के मुताबिक, दिल्ली समेत उत्तर भारत के करीब 8 राज्यों में कहीं बारिश तो कहीं बर्फबारी के आसार हैं। 31 जनवरी से 3 फरवरी तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फ गिरने की संभावना जताई गई है।


