- छतरपुर में शुरू हुआ आधुनिक ट्रैफिक पार्क, बच्चों व युवाओं को मिलेगा यातायात नियमों का व्यावहारिक ज्ञान






छतरपुर। सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना यातायात परिसर में आधुनिक ट्रैफिक पार्क का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सागर जोन की पुलिस महानिरीक्षक डॉ. हिमानी खन्ना रहीं। उनके साथ डीआईजी विजय कुमार खत्री, एसपी अगम जैन, सदर विधायक ललिता यादव, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरासिया, पन्ना एसपी निवेदिता नायडू सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आईजी हिमानी खन्ना ने लोकार्पण के बाद पार्क का निरीक्षण किया और इसे आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि देश में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या चिंताजनक है और ऐसे में यातायात नियमों की शिक्षा बचपन से देना बेहद जरूरी है। यह पार्क उसी दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।
नवनिर्मित ट्रैफिक पार्क में यातायात नियमों की व्यावहारिक जानकारी देने के लिए संकेतक, सिग्नल लाइट, ज़ेबरा क्रॉसिंग, फुटपाथ, बस स्टैंड, स्कूल, अस्पताल, रेलवे स्टेशन और रोड क्रॉस जैसे मॉडल बनाए गए हैं। इन माध्यमों से बच्चों और युवाओं को वास्तविक परिस्थितियों में सही व्यवहार सिखाया जाएगा।
पार्क की दीवारों पर चित्रकारों द्वारा बनाई गई आकर्षक पेंटिंग्स के जरिए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, मोबाइल फोन पर बात न करने, तेज गति से वाहन न चलाने जैसे संदेश स्पष्ट रूप से दर्शाए गए हैं। यह चित्रकारी न केवल जागरूक करती है बल्कि लोगों का ध्यान भी आकर्षित करती है।
वेस्ट टू बेस्ट अभियान के अंतर्गत कबाड़ की सामग्री से निर्मित संरचनाएं पार्क की खास पहचान बनी हैं। इनमें दोपहिया वाहन, साइलेंसर गेट जैसी रचनाएं शामिल हैं, जो पर्यावरण संरक्षण और रचनात्मकता का संदेश भी देती हैं।
ट्रैफिक पार्क में एक खुला मंच भी तैयार किया गया है, जहां स्कूल, कॉलेज एवं सामाजिक संस्थाएं समय-समय पर यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगी। इस पार्क के निर्माण में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नगर पालिका, व्यापारी संगठनों और आमजन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम के दौरान पार्क निर्माण में योगदान देने वाले लोगों, राहवीर अभियान के तहत घायलों की मदद करने वालों, हेलमेट बैंक में सहयोग करने वाले नागरिकों, चित्रकारों और विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। आईजी हिमानी खन्ना ने कहा कि यह ट्रैफिक पार्क छतरपुर के लिए एक स्थायी जागरूकता केंद्र बनेगा और आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित यातायात का संदेश देगा।
